This site only for informational purposes..... Thank you

शुक्रवार, 29 अगस्त 2025

मैं मनिहारी हूँ - उपेक्षा का शिकार धरोहर की कहानी

Manihari
मैं मनिहारी हूँ... 


मनिहारी गंगा और कोसी के संगम पर बसा इतिहास, संस्कृति और प्रकृति का अद्भुत संगम है। मेरा नाम भले छोटा हो, लेकिन मेरी पहचान, मेरी धरोहर और मेरा इतिहास किसी बड़े शहरों से कम नहीं। सदियों से मैं व्यापार, संस्कृति, प्रकृति का मिलन स्थल रहा हूँ। किंतु विडंबना यह है कि समृद्ध संभावनाओं के बावजूद मैं आज भी प्रशासनिक उदासीनता और लापरवाही का शिकार हूँ। आज मैं आपको अपने मन की वे बातें बताना चाहता हूँ, जिन्हें सुनने वाला शायद कोई नहीं।  
मेरा नामकरण  
मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण यहां अपने खोया हुआ रत्न (मणि) को ढूंढते हुए आए थे, जिसके कारण इस स्थान का मनिहारा नाम पड़ा, जो समय के साथ मनिहारी के नाम से प्रसिद्ध हो गया। 
मेरा गंगा घाट - आस्था और अव्यवस्था 
मेरे सीने से बहती गंगा, मेरी आत्मा की पहचान है। गंगा किनारे मेरा घाट न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि जीवन और जीविका का सहारा भी है। लोग यहाँ दूर-दूर से जैसे नेपाल, म्यांमार, असम, बंगाल गंगा स्नान करने आते हैं, नाव-जहाज से सफर करने आते है और साहेबगंज(झारखण्ड), सकरीगली, महाराजपुर, पीरपैंती, भागलपुर इत्यादि को जाते हैं। कभी यहाँ रेलवे के द्वारा सकरीगली के लिए स्टीमर चलाया जाता था। प्रशासनिक उदासीनता का आलम यह है की अभी भी यहाँ व्यवस्थाओं कि कमी है जैसे सीढ़ीनुमा घाट, यात्रियों को बैठने के लिए उचित व्यवस्था, पीने के लिए साफ़ पानी, नाव या जहाज चलने का समय सारणी इत्यादि। यहां प्रतिदिन दर्जनों अंतिम संस्कार होते हैं। परंपरागत रूप से लकड़ी से चिता जलाकर दाह संस्कार किया जाता है, जिससे न केवल अत्यधिक लकड़ी की खपत होती है, बल्कि गंगा नदी भी प्रदूषित होती है। अधजली लकड़ियाँ और राख सीधे गंगा में प्रवाहित कर दी जाती हैं, जिससे जल की शुद्धता प्रभावित होती है और नदी तट पर आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
आज आवश्यकता है कि मनिहारी गंगा घाट पर विद्युत शवदाह गृह का निर्माण किया जाए। इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया स्वच्छ और तेज़ होगी, गंगा नदी प्रदूषण से बचेगी, और लोगों को आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
वैसे पिछले कुछ सालों में मनिहारी गंगा घाट की तस्वीर बदली है। यहाँ शौचालय बनाये गए हैं, CCTV कैमरा लगाए गए हैं, यात्रियों को बैठने के लिए शेड लगाए गए हैं, घाट पर बैरिकेटिंग तथा महिलाओं को वस्र बदलने के लिए घेरा भी लगाया गया है। थोड़ी और देखभाल मिले तो यह घाट एक बड़ा पर्यटन स्थल बन सकता है। 
मनिहारी रेलवे स्टेशन  - उपेक्षित जीवनरेखा
मनिहारी रेलवे स्टेशन कभी व्यापार और यात्रियों की सुविधाओं का प्रमुख केंद्र था। परंतु आज यह स्टेशन की हालत बदहाल है। यात्री सुविधाओं की कमी, प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था, यात्रियों के लिए स्वच्छ पेय जल की कमी, शौचालय की कमी, प्रतीक्षालय, गाड़ियों की कमी और आधुनिकीकरण की धीमी रफ्तार आदि है। मनिहारी स्टेशन पर लाखों कि संख्या में यात्री छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा, माघी पूर्णिमा, सावन माह का पूरा महीना तथा हर महीने के पूर्णिमा तथा अमावस्या के दिन आते हैं। जोगबनी, नेपाल, बंगाल, सहरसा, मधेपुरा, बनमनखी इत्यादि स्थानों से गाड़ी में यात्री आते हैं और मनिहारी घाट पर गंगा स्नान करके पुनः अपने गंतव्य स्थान तक चले जाते हैं। अगर सरकार थोड़ी संवेदनशीलता दिखाए तो यह स्टेशन पूरे इलाके की तस्वीर बदल सकती है। मनिहारी में केवल दो लाइन है जिसे बढ़ाकर तीन लाइन कर देना चाहिए जिससे मनिहारी से नई गाड़ी चलने की संभावना बन सके। दोपहर 02:00 बजे के बाद कटिहार से तेजनारायणपुर के लिए कोई सवारी गाड़ी नहीं है। शाम में कटिहार से तेजनारायणपुर के लिए भी पूर्व की भांति सवारी गाड़ी देना चाहिए जिससे बघार, कांटाकोश, तेजनारायणपुर, अमदाबाद के यात्री को सुविधा मिले। स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्म में CCTV कैमरा लगाना चाहिए, यात्रियों को बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए, कटिहार-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस को मनिहारी से सुबह 05:00 बजे चलाया जाना चाहिए, यात्रियों को भी चाहिए कि बिना टिकट यात्रा न करें, जिससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि हो।
गोगाबिल झीलपक्षी विहार 
प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधताओं का प्रतीक गोगाबिल झील प्रवासी पक्षियों का प्रमुख केंद्र है। यहां नवम्बर से फरवरी तक हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं और यहां के वातावरण में निवास करते हैं। 1990 में यहाँ आनेवाली पक्षियों की बड़ी संख्या को देखकर इसे पक्षी विहार घोषित किया गया। यहाँ रूस तथा अन्य देशों के लगभग 300 से भी अधिक प्रकार के पक्षी यहाँ प्रवास के लिए  आते हैं, जिसमें से लालसर, राजहंस, डोकहर, पचार, बटहर, बड़ा सिलिक, छोटा सिलिक, टिटही, पंतवा, बगुला, मंचरंगा, सीरियल चाह, लाल रिवाले ग्रीव, पोटचार्ड, स्पॉटवील, टील, कुट और ब्रहुमानी हंस प्रमुख है। प्रशासनिक उदासीनता का आलम यह है कि अभी भी कम्युनिटी रिजर्व घोषित होने के बावजूद इसकी विकास के लिए धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा है। बिहार सरकार को इसपर ध्यान देना चाहिए जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
पीर पहाड़ - "बाबा हजरत जीतनशाह रहमतुल्लाअलेह"
प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण, उत्तरी बिहार का सबसे ऊँचा स्थान पर "बाबा हजरत  जीतनशाह रहमतुल्लाहअलेह" का मजार स्थित है। गंगा किनारे स्थित इस पहाड़ की ऊँचाई लगभग 60 फीट है। ऐसा माना जाता है कि 1338 ई० में स्व० अतुल मुखर्जी ने मन्नत पूरी होने के पश्चात इस पहाड़ पर भवन का निर्माण करवाया था, तब से पीर पहाड़ लोगों की आस्था और भक्ति का केंद्र रहा है। दूर-दूर तक पीर बाबा की महिमा ऐसी फैली हुयी है कि सभी समुदाय के लोग प्रत्येक दिन यहाँ हजारो की संख्या मन्नते मांगने और दुआ करने आते हैं। प्रशासन को यहाँ साफ़-सफाई का विशेष ध्यान देना चाहिए जिससे यहाँ की सुंदरता बनी रहे। मजार की मरम्मत और सौन्दर्यकरण, बैठने की उचित व्यवस्था, सीढ़ियों तथा चढ़ाई वाले रास्तों को मजबूत बनाना, बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं जिसके लिए पुलिस कर्मी की तैनाती CCTV कैमरा लगाना इत्यादि पर प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए। 
महर्षि मेंही दास कुटी- आध्यात्मिक धरोहर
मनिहारी की पहचान का एक और महत्वपूर्ण केंद्र है महर्षि मेंही दास कुटी। यह कुटी (आश्रम) महर्षि मेंही जी की स्मृति में बनाई गई है। संत साहित्य और साधना का यह स्थल आध्यात्मिक चेतना का अनमोल खजाना है। महर्षि मेंही दास का मनिहारी से संबंध आध्यात्मिक, स्मृति और प्रचार से जुड़ा हुआ है। मनिहारी स्थित महर्षि मेंही दास कुटी एक पवित्र स्थान है, जहाँ पर उनकी शिक्षाओं का अनुसरण और प्रचार किया जाता है। यह जगह उनके नाम पर बनी हुई है और आज भी उनके विचारों को जीवित रखे हुए है।
नवाबगंज ठाकुरबाड़ी - भक्ति और परंपरा का संगम 
नवाबगंज में स्थित ठाकुरबाड़ी मेरी सांस्कृतिक धरोहर है। यह स्थान भक्ति और आस्था का संगम है, जहाँ धार्मिक अनुष्ठान और लोक परंपराएँ आज भी जीवंत हैं। लेकिन उचित संरक्षण न मिलने के कारण यह मंदिर अपनी पूरी चमक बिखेर नहीं पा रहा है। पर्यटन मानचित्र पर अगर इसे जगह मिले तो यह न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित कर सकता है। 
         मेरी व्यथा… मेरे पास संस्कृति है, इतिहास है, धार्मिक आस्था है, प्राकृतिक सुंदरता है, लेकिन अफसोस प्रशासन की अनदेखी भी है। यहाँ विकास की योजनाएँ आती हैं, मगर कागज़ पर ही रह जाती हैं। अगर थोड़ी दूरदर्शिता और ईमानदार प्रयास हों, तो मैं बिहार और पूरे देश के लिए एक मिसाल बन सकता हूँ। मेरी अपील मैं चाहता हूँ कि मेरी आवाज़ सुनी जाए। मेरे गंगा घाट को साफ़ किया जाए, मेरे रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाया जाए, मेरी गोगबिल झील को संरक्षित किया जाए, मेरे पीर पहाड़, महर्षि मेहीं दास कुटी और नवाबगंज ठाकुरबाड़ी को सम्मान मिले। मैं चाहता हूँ कि लोग मुझे सिर्फ़ एक कस्बे के रूप में न देखें, बल्कि मेरी खूबसूरती और संभावनाओं को पहचानें। क्योंकि… मैं मनिहारी हूँ — इतिहास, संस्कृति और प्रकृति का संगम।

शुक्रवार, 22 अगस्त 2025

बाढ़ग्रस्त जीवन: एक अनकही पीड़ा

Manihari

हर साल बरसात के मौसम में ग्रामीण इलाकों के लोग बाढ़ की समस्या से जूझते हैं। यह समस्या केवल कुछ दिनों की परेशानी नहीं होती, बल्कि पूरे साल भर इसका असर गाँव की ज़िंदगी पर दिखाई देता है। बाढ़ जहां एक तरफ़ खेतों और फसलों को बर्बाद कर देती है, वहीं दूसरी ओर लोगों के घर, रोज़गार और स्वास्थ्य पर भी गंभीर संकट खड़ा कर देती है।

1. फसलें और आजीविका पर असर ग्रामीण इलाकों की अर्थव्यवस्था खेती पर निर्भर रहती है। जब बाढ़ आती है तो खड़ी फसलें पानी में डूब जाती हैं। कभी-कभी खेतों की मिट्टी भी बहकर चली जाती है जिससे ज़मीन की उर्वरता कम हो जाती है। किसान पूरे साल की मेहनत गंवा बैठते हैं और कर्ज़ के बोझ तले दब जाते हैं।

2. घर और बुनियादी ढाँचे का नुकसान गाँवों में ज़्यादातर घर कच्चे होते हैं। बाढ़ के तेज़ बहाव में ये मकान गिर जाते हैं और लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो जाते हैं। सड़कें टूट जाती हैं, पुल बह जाते हैं और गाँव शहर से कट जाते हैं। इस कारण राहत सामग्री और दवाइयाँ पहुँचने में भी कठिनाई होती है।

3. मवेशियों को चारा एवं रहने की समस्या हो जाती है, आमजन अपने जान माल को लेकर किसी ऊंचे स्थान पर रहने को विवश हो जाते हैं। पशुओं के चारा के लिए उन्हें कई तरह के समस्याओं से जूझना पड़ता है। कई पशु पालक बाद आने से पहले ही सूखा चारा कि व्यवस्था कर लेते हैं, जिसके चलते उन्हें चारा के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ता है

4. स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ बाढ़ के पानी में गंदगी मिल जाने से जलजनित बीमारियाँ जैसे हैजा, डायरिया, टाइफाइड और मलेरिया फैलने लगती हैं। स्वच्छ पानी और शौचालय की व्यवस्था ठप हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुज़ुर्गों को झेलनी पड़ती है।

5. शिक्षा और सामाजिक जीवन पर असर स्कूल बाढ़ के पानी में डूब जाते हैं या राहत शिविरों में बदल दिए जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है और कई महीनों तक शिक्षा व्यवस्था अस्त-व्यस्त रहती है। सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है क्योंकि लोग रोज़गार की तलाश में गाँव छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो जाते हैं।

समाधान की दिशा में प्रयास बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर कदम उठाने की ज़रूरत है। समय पर नदियों की सफाई और तटबंधों की मरम्मत हो। राहत शिविरों में स्वच्छ पानी, भोजन और दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। किसानों को बाढ़ बीमा और फसल क्षतिपूर्ति का लाभ समय पर मिले। गाँवों में ऊँचे स्थानों पर पक्के घर और सामुदायिक शरण स्थल बनाए जाएँ। बाढ़ आने से पहले ही अपने जरूरी सामन, जरूरी कागजात को सुरक्षित रख लेना चाहिए तथा सूखा राशन जैसे चावल, दाल, आटा, आलू, प्याज, सोयाबीन इत्यादि तथा जलावन के लिए पहले से ही गैस या सुखी लकड़ी की व्यवस्था कर लेनी चाहिए

शुक्रवार, 15 अगस्त 2025

श्रावण मास में मनिहारी का धार्मिक महत्व

Manihari

भारत की धरती धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं से ओतप्रोत है। यहां के प्रत्येक नदी, पर्वत, वन, और ग्राम में कोई न कोई दिव्य कथा समाहित है। बिहार राज्य के कटिहार जिले में स्थित दो प्रमुख स्थल — मनिहारी और मुकुरिया — ऐसी ही आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हैं। विशेषकर श्रावण मास में, जब चारों ओर भक्ति की लहरें बहती हैं, तब यह क्षेत्र शिवभक्ति की धारा में डूब जाता है।

यह ब्लॉग आपको ले चलेगा एक ऐसे आध्यात्मिक सफर पर, जहाँ उत्तरवाहिनी गंगा का पुण्य जल, कांवड़ यात्रा की कठोरता, और गोरखनाथ धाम की शिवभक्ति, सब कुछ एक साथ समाहित है।

मनिहारी: उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र तट

मनिहारी, कटिहार जिले का एक पौराणिक और धार्मिक स्थल है, जो गंगा नदी और कोसी नदी के संगम पर स्थित है। आमतौर पर गंगा नदी दक्षिण की ओर बहती है, लेकिन मनिहारी में वह दुर्लभ रूप से उत्तर की ओर प्रवाहित होती है। इसे उत्तरवाहिनी गंगा कहा जाता है और यह स्थिति अत्यंत पवित्र मानी जाती है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

श्रावण मास में इस स्थान का महत्व और भी बढ़ जाता है। यहां श्रद्धालु आकर गंगाजल भरते हैं और फिर शुरू होती है एक कांवड़ यात्रा, जो भक्ति, तप और समर्पण का प्रतीक है।

श्रावण मास: शिवभक्ति का सर्वोच्च समय

श्रावण मास, हिंदू पंचांग का वह पवित्र महीना है जो भगवान शिव को समर्पित होता है। इस महीने में हर सोमवार को विशेष पूजा की जाती है और कांवड़ यात्रा एक विशेष अनुष्ठान के रूप में मनाई जाती है।

जब समुद्र मंथन हुआ था, तो उसमें से "हलाहल विष" निकला। यह विष संपूर्ण सृष्टि को नष्ट कर सकता था। तब भगवान शिव ने करुणा वश उस विष को पी लिया।

विष को गले में रोककर उन्होंने सृष्टि की रक्षा की और उनका गला नीला हो गया, इसीलिए उन्हें नीलकंठ भी कहा जाता है।विष के प्रभाव को शांत करने के लिए देवताओं ने उन पर गंगाजल अर्पित किया, जिससे शरीर में शीतलता बनी रहे।

मनिहारी से श्रद्धालु गंगा जल भरकर पैदल यात्रा शुरू करते हैं और कटिहार जिले के मुकुरिया स्थित गोरखनाथ धाम तक पहुंचते हैं। यह यात्रा केवल एक धार्मिक रिवाज़ नहीं, बल्कि आस्था और आत्मशुद्धि का मार्ग है।

कांवड़ यात्रा: तपस्या का मार्ग

मनिहारी से मुकुरिया तक की यह कांवड़ यात्रा भक्तों के लिए किसी व्रत से कम नहीं। भक्तजन, जिन्हें कांवड़िया कहा जाता है, कंधों पर कांवड़ रखकर, नंगे पांव गोरखनाथ धाम की ओर प्रस्थान करते हैं।

पूरा मार्ग ‘बोल बम - बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गूंजता रहता है। ग्रामीण इलाके, बाजार, स्कूल, और यहाँ तक कि खेतों के रास्ते भी इस भक्ति रस में रंग जाते हैं।

रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोग सेवा शिविर लगाते हैं, जैसे मनिहारी में बोलबम सेवा समिति मनिहारी, स्टेट  बैंक ऑफ़ इंडिया मनिहारी शाखा के द्वारा, नवाबगंज में दिशा ऑनलाइन क्लासेस  इत्यादि अनेको स्थान जो मनिहारी से मुकुरिया के बीच में पड़ते हैं शुद्ध पेय जल, शरबत, भोजन और विश्राम की व्यवस्था होती है।

बोलबम सेवा समिति मनिहारी, नवाबगंज स्थित ठाकुरबाड़ी के प्रांगण में कावड़ियों के लिए भक्ति जागरण भी रखा जाता है जिसमे दूर-दूर से कलाकार को बुलाया जाता है, जो अपने मधुर आवाज़ से पूरा माहौल भक्तिमय कर देते हैं। यह सेवा निःस्वार्थ होती है और दर्शाती है कि श्रावण मास केवल पूजा का समय नहीं, बल्कि समाज सेवा और सद्भावना का महीना भी है।

गोरखनाथ धाम, मुकुरिया: शिवभक्ति का अंतिम पड़ाव

कटिहार जिले के मुकुरिया प्रखंड में स्थित गोरखनाथ धाम इस यात्रा का अंतिम और अत्यंत पवित्र स्थल है। यह मंदिर नाथ संप्रदाय से जुड़ा हुआ है, जिसमें बाबा गोरखनाथ को भगवान शिव का अवतार माना जाता है।

कांवड़िए जब इस मंदिर में पहुंचते हैं तो वे गंगा जल से शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। यह क्षण उनके लिए अत्यंत भावुक होता है — यात्रा की थकान, तपस्या, और समर्पण — सबका सुफल मानो इसी जलार्पण में समाहित हो जाता है। गोरखनाथ धाम में श्रावण मास के दौरान विशेष श्रृंगार, आरती, और मेला का आयोजन होता है, जहाँ दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

धार्मिकता से पर्यटन तक: मनिहारी और मुकुरिया का समग्र विकास

श्रावण मास में मनिहारी और मुकुरिया का क्षेत्र एक विशाल धार्मिक उत्सव स्थल में परिवर्तित हो जाता है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं जिससे स्थानीय व्यवसाय, आवास व्यवस्था, और सामाजिक तंत्र में भी गति आती है।

यह देखा गया है कि धार्मिक पर्यटन से इन इलाकों में रोज़गार के अवसर भी बढ़ते हैं। मनिहारी घाट पर नाव सेवाएं, दुकानें, फूल और पूजन सामग्री की बिक्री, भोजनालय, आदि स्थानीय लोगों के लिए आय का प्रमुख साधन बन जाते हैं।

संस्कृति और पीढ़ियों का संगम

यह यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत है। बहुत से परिवारों में बच्चे अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ पहली बार कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं। इस यात्रा से वे न केवल शिवभक्ति की शक्ति को समझते हैं, बल्कि अपनी संस्कृति, जड़ों और पहचान से भी जुड़ते हैं।

मनिहारी से मुकुरिया तक भक्ति की अविरल धारा

श्रावण मास में मनिहारी की उत्तरवाहिनी गंगा से लेकर मुकुरिया स्थित गोरखनाथ धाम तक की यह यात्रा केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं है, यह एक आध्यात्मिक अनुभूति, सांस्कृतिक संगम और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

यह यात्रा हमें यह सिखाती है कि जब मन में श्रद्धा हो, शरीर थकता नहीं; जब दिल में शिव हों, तो मार्ग स्वयं खुलते हैं; और जब समाज साथ चले, तो भक्ति पर्व बन जाती है।

यदि आपने अब तक इस यात्रा का हिस्सा नहीं बने हैं, तो किसी आने वाले श्रावण में जरूर आइए। मनिहारी की गंगा में स्नान करें, जल भरें, कांवड़ उठाएं और उस अनोखी ऊर्जा को महसूस करें जो इस पवित्र भूमि को विशेष बनाती है।

हर हर महादेव!


मंगलवार, 28 जनवरी 2025

दादा बोदी बिरयानी - बैरकपुर, कोलकाता का स्वादिष्ट अनुभव

Manihari

कोलकाता, जिसे हम भारतीय खाने के शाही शहर के रूप में जानते हैं, यहां के विभिन्न व्यंजन और खासियतें हर किसी को आकर्षित करती हैं। अगर आप बिरयानी प्रेमी हैं तो बैरकपुर स्थित दादा बोदी बिरयानी का नाम जरूर सुना होगा। वैसे तो आपको कोलकाता के हर छोटे बड़े रेस्टोरेंट में बिरयानी मिल जाएंगे परंतु दादा बोदी बिरयानी की बात ही अलग है। यह स्थान न केवल स्वाद के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहां का माहौल और सेवा भी इसे खास बनाते हैं।

दादा बोदी बिरयानी का इतिहास

दादा बोदी बिरयानी बैरकपुर के एक पुराने और लोकप्रिय इलाके में स्थित है, जहां वर्षों से बिरयानी का स्वाद लोगों के दिलों में बस गया है। यह बिरयानी न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि यहां के मसालों का अद्भुत मिश्रण और पकाने की खास विधि इसे कोलकाता की बिरयानी से अलग बनाती है। बिरयानी में इस्तेमाल होने वाला मांस, मसाले और चावल, सभी बेहद ताजे और बेहतरीन होते हैं। यही कारण है कि 60 वर्षों से कोलकाता में रहने वाले हो या हम जैसे बिहार, झारखंड या अन्य जगहों से कोलकाता आनेवाले पर्यटकों एवं स्वाद प्रेमियों के दिलों पर दादा बोदी रेस्टोरेंट राज कर रहे हैं।

मेन्यू में क्या खास है?

दादा बोदी बिरयानी का मेन्यू खासतौर पर बिरयानी प्रेमियों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यहां आपको विभिन्न प्रकार की बिरयानी मिलती है, जैसे मटन बिरयानी, चिकन बिरयानी, आलू बिरयानी और कुछ खास वेरिएंट्स। यहां के बिरयानी में एक और खाश बात होती है कि आप चाहे चिकन या मटन बिरयानी ले आपको सब में एक आधे आलू का टुकड़ा जरूर दिया जाता है जो बिरयानी के दीवानों के लिए खाश होता है। हर बिरयानी में मसालों का सही संतुलन होता है, और चिकन या मटन का टुकड़ा बेहद मुलायम और स्वादिष्ट होता है।

इसके अलावा, यहां के कोल्ड ड्रिंक्स और रायता भी उतने ही स्वादिष्ट होते हैं, जो बिरयानी के साथ परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनाते हैं।


अवधि और स्थान

दादा बोदी बिरयानी बैरकपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 से बाहर निकलते ही लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, और यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। इसका स्थान बहुत ही सुलभ है, और आसपास के इलाके से यह एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है। अगर आप कोलकाता में हैं और बैरकपुर की तरफ जा रहे हैं, तो दादा बोदी बिरयानी का स्वाद लेना न भूलें। रेस्टोरेंट खुलने का समय सुबह के 11 बजे से रात के 11 बजे तक रहता है।

खासियत और लोकप्रियता

दादा बोदी बिरयानी की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वाद है, जो बहुत कम स्थानों पर मिलता है। यहां की बिरयानी को बनाने की खास विधि और ताजे मसाले ही इसे अलग बनाते हैं। इसके अलावा, यहां का अच्छा सेवा और साफ-सुथरा माहौल भी एक और वजह है, जो इसे लोगों के बीच इतना लोकप्रिय बनाता है।

निष्कर्ष

अगर आप कोलकाता के पास बैरकपुर क्षेत्र में हैं और बिरयानी खाने का मन है, तो दादा बोदी बिरयानी एक बेहतरीन विकल्प है। स्वादिष्ट, मसालेदार और लजीज बिरयानी का आनंद लेने के लिए यहां जरूर जाएं। यह न केवल एक खाने का अनुभव है, बल्कि कोलकाता की सांस्कृतिक और पाककला की एक झलक भी है।

तो अगली बार जब आप बैरकपुर जाएं, तो दादा बोदी बिरयानी का स्वाद जरूर लें और इस अद्भुत स्वाद का हिस्सा बनें!